भोपाल: राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र, शौर्य स्मारक से भारत माता चौराहा तक निकली विशाल तिरंगा यात्रा…

भोपाल, सं. प्रशांत झिलपे – इस वर्ष देश स्वतंत्रता की 80वीं वर्षगांठ मना रहा है। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को जन-जन तक पहुँचाने एवं ‘हर घर तिरंगा’ जैसे जन-अभियानों से देशवासियों को भावनात्मक रूप से तिरंगे से जोड़ने के लिए दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक भगवानदास सबनानी के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।
80 तिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़कर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी ने किया शुभारंभ, 100 से अधिक स्थानों पर हुआ तिरंगा यात्रा का भव्य स्वागत
हजारों दो पहिया एवं चार पहिया वाहनों पर निकली विशाल तिरंगा यात्रा…
यात्रा के शुभारंभ से पूर्व शौर्य स्मारक पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक भगवानदास सबनानी ने भारत माता की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को नमन किया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी शहीदों के प्रति श्रद्धासुमन अर्पित किए।
यात्रा के शुभारंभ से पूर्व अपने उद्बोधन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि स्वतंत्रता की 80वीं वर्षगांठ पर आयोजित यह तिरंगा यात्रा राष्ट्रभक्ति, एकता और देश के प्रति समर्पण की भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमें उन वीरों के त्याग
और बलिदान की याद दिलाता है, जिनके संघर्ष से हमें स्वतंत्रता मिली। आज 14 अगस्त के दिन विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने सिंधी और पंजाबी समाज के उन परिवारों को भी नमन किया, जिन्होंने विभाजन की पीड़ा और विस्थापन का दंश झेलकर अपने परिश्रम, साहस और राष्ट्रभक्ति से भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि उनके संघर्ष और बलिदान को सदैव स्मरण किया जाना चाहिए।
तत्पश्चात् मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 80 तिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़कर तिरंगा यात्रा का भव्य शुभारंभ किया। गुब्बारों के आकाश में उड़ते ही पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति के उल्लास से भर उठा और भारत माता के जयघोष से गूंज उठा।
शौर्य स्मारक से प्रारंभ हुई विशाल तिरंगा यात्रा दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से होते हुए भारत माता चौराहा पहुँची। यात्रा का मार्ग शौर्य स्मारक से 6 नंबर स्टॉप, आनंद धाम, 5 नंबर पेट्रोल पंप, अर्जुन नगर, जय भीम नगर, अवंतीबाई चौराहा, प्लेटिनम प्लाजा, कमला नेहरू स्कूल, न्यू मार्केट, रोशनपुरा, रंगमहल टॉकीज एवं जवाहर चौक होते हुए भारत माता चौराहा पर सम्पन्न हुई।
तिरंगा यात्रा में हजारों की संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। साथ ही सैकड़ो की संख्या में दोपहिया एवं चार पहिया वाहन भी यात्रा में शामिल रहे। हाथों में तिरंगा लिए नागरिकों और तिरंगे से सजे वाहनों के विशाल काफिले ने पूरे मार्ग को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों की सहभागिता ने यात्रा को अभूतपूर्व जनभागीदारी प्रदान की।
100 से अधिक स्थानों पर हुआ भव्य स्वागत
तिरंगा यात्रा के मार्ग में 100 से अधिक स्थानों पर विभिन्न संगठनों एवं नागरिकों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। विभिन्न रहवासी संगठनों, कर्मचारी संगठनों, क्षेत्र के विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, सामाजिक एवं सेवा संगठनों तथा स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा, तिरंगे और राष्ट्रभक्ति के जयघोष के साथ यात्रा का अभिनंदन किया।
महिलाओं की विशेष सहभागिता और विद्यालयों के बैंड रहे आकर्षण का केंद्र
तिरंगा यात्रा में महिलाओं की विशेष सहभागिता देखने को मिली। बड़ी संख्या में महिलाएं अपनी पारंपरिक वेशभूषा एवं तिरंगा साड़ी पहनकर यात्रा में शामिल हुईं, जो पूरे आयोजन का एक आकर्षक और भावपूर्ण दृश्य रहा। वहीं क्षेत्र के कई विद्यालयों ने अपने स्कूल बैंड के साथ राष्ट्रभक्ति के गीतों की धुन बजाते हुए तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। विद्यार्थियों के उत्साह, हाथों में लहराते तिरंगों और स्कूल बैंड की देशभक्ति से ओतप्रोत धुनों ने वातावरण को और भी जोशीला बना दिया।
देशभक्ति से सजे वाहनों ने बढ़ाया यात्रा का आकर्षण
तिरंगा यात्रा में विशेष रूप से सुसज्जित भारत माता का वाहन आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। इस वाहन में एक बालिका को भारत माता के स्वरूप में सजाकर खड़ा किया गया था, जिसने पूरे मार्ग में लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इसके साथ ही देश के वीर शहीदों के चित्रों से सुसज्जित एक विशेष वाहन भी यात्रा में शामिल रहा, जो देश के अमर शहीदों के बलिदान और शौर्य की स्मृति को जन-जन तक पहुँचाने का माध्यम बना।
भारत माता की आरती के साथ हुआ भव्य समापन
तिरंगा यात्रा का अंतिम पड़ाव भारत माता चौराहा रहा। यहाँ वंदे मातरम् और भारत माता की जय के नारों के बीच भारत माता की आरती की गई। भारत माता के जयघोष और वंदे मातरम् के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा और इसी भावपूर्ण वातावरण में तिरंगा यात्रा का भव्य समापन हुआ।
समापन के अवसर पर दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा कि क्षेत्र के विकास के साथ-साथ राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करना भी हमारी जिम्मेदारी है। सबनानी ने कहा कि तिरंगा यात्रा को केवल एक कार्यक्रम के रूप में नहीं, बल्कि जन-जन को राष्ट्रभाव से जोड़ने वाले अभियान के रूप में आयोजित किया गया। उन्होंने युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं और समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर महापौर मालती राय, जिलाध्यक्ष रविन्द्र यती पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुरेश पचौरी कैलाश मिश्रा कार्यक्रम की टोली के संयोजक राजू अनेजा राजेश खटीक शैलेन्द्र निगम संतोष ब्रह्मभट्ट मंडल अध्यक्ष पारस नरवरिया प्रियेश उपाध्याय हेमंत बड़गैया सोनू पालीवाल और मुकेश देहाडे, पार्षद आर के सिंह बघेल आरती राजू अनेजा ब्रजुला सचान गिरिजा खटीक राजमणि उईके सहित जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक मुख्य रूप से उपस्थित रहें।
“हर हाथ में तिरंगा, हर दिल में राष्ट्रभाव और हर कदम राष्ट्र के नाम” के संकल्प के साथ आयोजित यह भव्य तिरंगा यात्रा दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के लिए एक यादगार राष्ट्रभक्ति आयोजन बन गई।



